कन्नड़ अभिनेत्री संजना घलरानी पर गिरी जांच की आंच, ड्रग्स कनेक्शन को लेकर पुलिस ने कसा शिकंजा
सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले की जांच में सामने आए रिया चक्रवर्ती के ड्रग्स चैट्स ने फिल्म इंडस्ट्री की मटियामेट कर दी है। इस मामले की जांच के तार सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री से भी जुड़ते दिख रहे हैं। इसी के तहत अब कन्नड़ अभिनेत्री संजना घलरानी पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। कन्नड़ अभिनेत्री के घऱ पर आज बैंग्लुरू की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) के घर पर छापा पड़ा है। जिसके बाद अदाकारा को सीसीबी अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई है। कन्नड़ अदाकारा से सीसीबी साउथ फिल्म इंडस्ट्री में फैले ड्रग्स कनेक्शन की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।
अदाकार के घर पर सीसीबी ने कोर्ट से सर्च वॉरन्ट लेकर छापा मारा था। बता दें कि इससे पहले सीसीबी ने एक और कन्नड़ स्टार रागिनी द्विवेदी को गिरफ्तार कर लिया है। रागिनी को बीते शुक्रवार सीसीबी ने हिरासत में लिया था। रागिनी द्विवेदी पर ड्रग पैडलिंग के आरोप लगे हैं। उनके अलावा राहुल और विरेन खन्ना को भी सीसीबी ने गिरफ्तार किया था। ड्रग मामले की छानबीन में जुटी सीसीबी की रडार पर पहले से ही संजना घलरानी का नाम था। दरअसल, जांच एजेंसी को अदाकारा पर शक उस वक्त हुआ जब उनका करीबी दोस्त राहुल को सीसीबी ने गिरफ्तार किया था। राहुल एक रियल स्टेट के कारोबारी है। इस मामले में सीसीबी ने जानकारी दी है कि वीरेन खन्ना की गिरफ्तारी एक बड़ी सफलता है।
बैंग्लुरू पुलिस के ज्वॉइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) संदीप पाटिल ने अपने बयान में कहा था, ‘वो (वीरेन) ही वो शख्स हैं जो बड़ी-बड़ी पार्टियों का आयोजन करता है जहां ड्रग्स का इस्तेमाल होता है। वो दिल्ली में था जहां दो सीसीबी पुलिस इंस्पेक्टर ने पहुंचकर उनको गिरफ्तार किया है।’ बता दें कि इसी केस में बॉलीवुड स्टार विवेक ओबरॉय के साले आदित्य अल्वा का नाम भी सामने आ रहा है। हालांकि अभी उनके बारे में पुलिस ने आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जबकि आरोप है कि आदित्य अल्वा के फिल्म इंडस्ट्री से भी ताल्लुक हैं और वो होने वाली पार्टियों का जाना-माना चेहरा होते हैं।

No comments